दिल्ली में जंतर-मंतर पर आज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के साथ ही कई संगठनों का जुटने का आह्वान है। जिसको लेकर दिल्ली पुलिस की सख्ती को लेकर सवाल उठ रहे हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने युवाओं के समर्थन का ऐलान कर दिया है।
सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि किसी के रोके नहीं रुकेगा,अब दिल्ली में देश जुटेगा। उन्होंने इसको लेकर सुबह-सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया है, जिसमें आंदोलन के समर्थन की बात कही है।
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “किसी के रोके नहीं रुकेगा अब दिल्ली में देश जुटेगा! हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं। भाजपा सरकार अगर समझ रही है कि वो ताक़त के बल पर जनता को रोक लेगी तो ये उसकी और भी बड़ी भूल साबित होगी। ‘जंतर-मंतर’ अब एक जगह का नाम नहीं, एक नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है। अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोका तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा।”
अखिलेश यादव ने अपने अंदाज में बीजेपी पर हमला करते हुए लिखा ,
“माना बादशाहों का बंदोबस्त है बख्तरबंद
पर उन्होंने देखा न नौजवानों का दमख़म
यहाँ हौसलों की भी तैयारी है चाकचौबंद
हैं साथ सब, मानकर इसको अंतिम जंग”
यहां बता दें कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर इलाके को पूरी तरह छावनी बना दिया है। इसके अलावा दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और यही नहीं दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को भी रद्द किया गया है। दिल्ली पुलिस के साथ ही केन्द्रीय पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
इसके अलावा इंडिया गठबंधन का आंदोलन भी लगातार जारी है, शुक्रवार रात विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति से मुलाकात की और उसके बाद बताया कि उनकी बात सुनी गयी। अब सोमवार (12 अक्टूबर) को विपक्षी सांसद CJI से मिलेंगे।
