PM मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी से भड़की बीजेपी, कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद का पुतला फूंका


समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में सियासी पारा हाई हो गया है। महोबा में इसके विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिल रहा है। बीजेपी जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोतवाली का घेराव किया और सपा सांसद का पुतला फूँककर अपना विरोध दर्ज कराया। बीजेपी ने सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है।

सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश हैं। महोबा बीजेपी जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम को आल्हा चौक से लेकर कोतवाली तक पैदल मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने आल्हा चौक पर सपा सांसद का पुतला फूंका और अपना विरोध जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं और उनके खिलाफ गाली-गलौज वाली भाषा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने शहर कोतवाली में तहरीर सौंपी है। तहरीर में भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि जो सपा संविधान की दुहाई देती हैं, वही आज संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सांसद के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं बीजेपी नेता सत्येंद्र प्रताप ने भी सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नीतियों का विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इस तरह की व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी सपा की संस्कृति को दर्शाती है।

सपा सांसद के बयान के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। बता दें कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह बिजली विभाग की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक और अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।



Related