प्रतापगढ़। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के सुखपाल नगर ईंट भट्ठे के पास समाचार चैनल के पत्रकार की सड़क हादसे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। शराब माफिया के खिलाफ खबर चलाने वाले पत्रकार ने बीती 12 जून को अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी।
पत्रकार के स्वजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। एडीजी प्रयागराज से अपनी हत्या की आशंका जताने वाले एक टीवी पत्रकार की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला काफी तूल पकड़ता जा रहा है। घर के लोग जहां हत्या की आशंका जता रहे हैं तो पुलिस इसको दुर्घटना बता रही है।
पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव ने बीते दिनों जिले में पकड़ी गई शराब की काफी कवरेज की थी, जिसको लेकर भी कई लोगों में नाराजगी की चर्चा है। उनकी मौत पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी उत्तर प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए निशाना साधा है।
प्रियंका ने ट्वीट किया कि शराब माफिया अलीगढ़ से प्रतापगढ़ तक:पूरे प्रदेश में मौत का तांडव करें। उप्र सरकार चुप। पत्रकार सच्चाई उजागर करे, प्रशासन को खतरे के प्रति आगाह करे। सरकार सोई है। क्या जंगलराज को पालने-पोषने वाली उप्र सरकार के पास पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव जी के परिजनों के आंसुओं का कोई जवाब है?
शराब माफिया अलीगढ़ से प्रतापगढ़ तक:पूरे प्रदेश में मौत का तांडव करें।
उप्र सरकार चुप।
पत्रकार सच्चाई उजागर करे, प्रशासन को खतरे के प्रति आगाह करे।
सरकार सोई है।
क्या जंगलराज को पालने-पोषने वाली उप्र सरकार के पास पत्रकार सुलभ श्रीवास्तव जी के परिजनों के आंसुओं का कोई जवाब है?
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) June 14, 2021
अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि एक निजी समाचार चैनल के रिपोर्टर सुलभ श्रीवास्तव (42) रविवार रात को लालगंज अंतर्गत असरही गांव से बाइक से घर लौट रहे थे कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के सुखपाल नगर ईंट भट्ठे के निकट खंभे से बाइक टकरा जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि सुलभ को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर विधिक कार्रवाई कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गौरतलब है कि श्रीवास्तव ने शराब माफिया के विरुद्ध खबर चलाई थी।
जिसके कारण उन्हें भय था और उन्होंने गत 12 जून को अपर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर जान माल की सुरक्षा की मांग की थी। सुलभ के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनके साले रिंकू श्रीवास्तव ने हत्या की आशंका जताई है हालांकि देर रात तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई।
