होर्मुज खोलने के लिए तैयार हो गया ईरान, अमेरिका के सामने रख दी बड़ी शर्त ?

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

ईरान-अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत के संकेत सीधे तौर पर भले न मिल रहे हों, लेकिन बैकडोर से शांति-समझौते की कोशिशें जारी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच तेहरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और युद्ध को खत्म करने के लिए यूएस को एक नया शांति प्रस्ताव भेजा है।

एक्सियोस ने रविवार को एक अमेरिकी अधिकारी और मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका को होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और युद्ध खत्म करने के लिए एक नया प्रस्ताव दिया है, जिसमें परमाणु वार्ता को बाद के चरण के लिए स्थगित कर दिया गया है।

एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की ओर से अमेरिका को भेजे गए नए शांति प्रस्ताव में हॉर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलना, परमाणु वार्ता को लेकर नई शर्त और सीजफायर से लेकर नाकेबंदी को हटाया जाना प्रमुख रूप से शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए तैयार है। प्रस्ताव के तहत सीजफायर को लंबी अवधि के लिए बढ़ाने या युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने पर सहमति बन सकती है।

ईरान का प्रस्ताव है कि परमाणु संबंधी बातचीत को फिलहाल टाल दिया जाए और इसे बाद के चरणों में शुरू किया जाए। ईरान का कहना है कि परमाणु वार्ता तभी शुरू होगी जब जलमार्ग खुल जाएगा और आर्थिक नाकाबंदी पूरी तरह हटा ली जाएगी। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने मध्यस्थों को स्पष्ट किया कि रिच यूरेनियम पर ट्रंप की मांगों को लेकर ईरान के नेतृत्व में कोई आम सहमति नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, व्हाइट हाउस को यह प्रस्ताव मिल चुका है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अमेरिकी प्रशासन ईरान की इन शर्तों पर विचार करने के लिए तैयार है या नहीं। वहीं अगर हॉर्मुज स्ट्रेट खुलता है तो वैश्विक तेल आपूर्ति को बड़ी राहत मिल सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार(27 अप्रैल) को अपने शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति टीम के साथ ‘सिचुएशन रूम’ में एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। Axios की रिपोर्ट के अनुसार, इस बैठक का मुख्य एजेंडा ईरान के साथ जारी तनाव और युद्ध के अगले चरणों के विकल्पों पर चर्चा करना होगा।