आतंकवाद के खिलाफ इजरायल का बड़ा ऑपरेशन, 2 सैनिकों की मौत के बाद एक्शन में नेतन्याहू

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

इजरायली सेना ने वेस्ट बैंक के हेब्रोन इलाके में एक सीमित आतंकवाद-रोधी अभियान शुरू किया है। गोलीबारी की एक घटना में 2 इजरायली सैनिकों के मारे जाने के बाद ये अभियान शुरू किया गया है। गोलीबारी में कई लोग घायल भी हुए हैं। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने शुक्रवार को बताया कि सैनिकों और अन्य सुरक्षा बलों ने हमलावरों से जुड़े हथियारों और बुनियादी ढांचे को खोजने और नष्ट करने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है।

इजरायली सेना ने बताया कि जिन इलाकों में उनके सैनिक काम कर रहे हैं, वहां के निवासियों को 3 तय निकास बिंदुओं से ही बाहर जाने की अनुमति होगी। एक्स पर एक पोस्ट में IDF ने कहा, “गोलीबारी के उस हमले के जवाब में IDF ने अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर हेब्रोन इलाके में एक लक्षित और सीमित आतंकवाद-रोधी अभियान शुरू किया है। इसी इलाके से आतंकवादी आए थे।”

सेना ने बताया कि जिन इलाकों में उनके सैनिक काम कर रहे हैं, वहां के निवासियों को तीन तय जगहों से ही बाहर जाने की अनुमति होगी। IDF ने कहा, “पूछताछ और सुरक्षा जांच के बाद जिन लोगों पर शक होगा, उन्हें आगे की पूछताछ के लिए सुरक्षा बलों को सौंप दिया जाएगा।”

इस हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वेस्ट बैंक में पूर्ण लॉकडाउन का आदेश दिया और शुक्रवार को हेब्रोन का दौरा किया। इजरायली अधिकारियों के अनुसार यह हमला कथित हमास आतंकवादियों द्वारा किया गया था। यह घटना इजरायल में चुनाव होने से ठीक 5 दिन पहले हुई है।

नेतन्याहू ने कहा कि हमलावरों ने चुनाव से पहले इजरायलियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी, लेकिन सैनिकों ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि कुछ हफ्ते पहले हमने इस बारे में बात की थी कि हमारे दुश्मन चुनाव से पहले हमारे नागरिकों और सैनिकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि IDF के सैनिकों ने अपने शरीर को ढाल बनाकर इसे रोका जिसमें कुछ सैनिक घायल हुए, लेकिन उन्होंने न केवल आतंकवादियों को रोका, बल्कि बहादुरी से लड़ते हुए उन्हें खत्म भी किया।

नेतन्याहू ने उस इलाके में एक बड़े सुरक्षा अभियान की भी घोषणा की, जहां से हमलावर आए थे। उन्होंने कहा कि इजरायली सेना वहां से लोगों को हटाएगी और घरों की तलाशी लेगी। साथ ही कहा कि उस ढांचे को भी नष्ट कर देगी, जिसे उन्होंने आतंकवादी बुनियादी ढांचा बताया है।



Related