ट्रंप ने सुबह-सुबह ईरान को दी धमकी! डील पर सस्पेंस के बीच भेजी फाइटर जेट में लगे बम की फोटो

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

ईरान और अमेरिका के बीच डील को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी देते हुए सोशल मीडिया पर एक AI जेनरेटेड फोटो शेयर की है, जिसमें एक फाइटर जेट के नीचे बम लगा हुआ दिखाई दे रहा है। इसके ऊपर एक मैसेज भी लिखा हुआ है- इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद (Thank you for your attention to this matter)।

ट्रंप की ओर से ये पोस्ट ऐसे समय में की गई है, जब अमेरिका और ईरान डील को लेकर बातचीत कर रहे हैं। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने तो दिल्ली में ये भी कह दिया था कि किसी भी समय गुड न्यूज सुनने को मिल सकती है। हालांकि अब तक यूएस प्रेसिडेंट की ओर से होर्मुज को फिर से खोलने या ईरान-अमेरिका को लेकर डील पर कोई ऐलान नहीं हुआ है।

ट्रंप ने इससे पहले एक ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा था, ‘अगर मैं ईरान के साथ कोई समझौता करता हूं तो वह अच्छा और उचित होगा, ओबामा के समझौते जैसा नहीं, जिसने ईरान को भारी मात्रा में नकद राशि दी और परमाणु हथियार बनाने का खुला रास्ता खोल दिया। हमारा समझौता बिल्कुल विपरीत है, लेकिन इसे किसी ने देखा नहीं है और न ही कोई जानता है कि यह क्या है। इस पर अभी पूरी बातचीत भी नहीं हुई है।’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इसलिए उन हारे हुए लोगों की बात मत सुनो, जो किसी ऐसी चीज़ की आलोचना कर रहे हैं जिसके बारे में उन्हें कुछ पता ही नहीं है। मुझसे पहले के उन लोगों के विपरीत, जिन्हें इस समस्या का समाधान कई साल पहले कर देना चाहिए था, मैं बुरे समझौते नहीं करता!

डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (भारतीय समयानुसार) को कहा कि अमेरिका, ईरान और विभिन्न अन्य देशों के बीच एक समझौते पर काफी हद तक बातचीत हो चुकी है, जिसे अंतिम रूप देना बाकी है।’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोमवार सुबह इस बयान में कुछ नरमी बरतते हुए कहा कि समझौता अभी पूरी तरह से तय नहीं हुआ है। वहीं ईरानी अधिकारियों ने पुष्टि की कि बातचीत जारी है और कुछ प्रगति हुई है।

ईरान की तसनीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, कथित समझौते में सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करने का एक रोडमैप शामिल था, जिसमें अमेरिका ने वार्ता के दौरान ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों को माफ कर दिया था।

अल जजीरा ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि इस डील के दो प्रमुख मुद्दों पर अमेरिका के पीछे हटने के संकेत मिल रहे हैं- ईरानी संपत्तियों को डीफ्रीज करने की प्रक्रिया और लेबनान में सीजफायर। होर्मुज स्ट्रेट और ईरान का परमाणु कार्यक्रम भी विवाद के मुख्य मुद्दे बनते हुए दिखाई दे रहे हैं।