दिल्ली के मालवीय नगर में 21 मौतें, होटल मालिक का नाम लवकेश बजाज, पुलिस की छापेमारी

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
दिल्ली Updated On :

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में लगी आग में जलकर 21 लोगों की मौत हो गई। दमकल की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जिस होटल में आग लगी है उसके मालिक का नाम लवकेश बजाज। होटल में तीन पार्टनर हैं। इनके कई और होटल और गेस्ट हाउस यहां हैं।

मैक्स हॉस्पिटल के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर संदीप बुद्धिराजा ने बताया कि मालवीय नगर में लगी आग के बाद आज मैक्स अस्पताल में 39 मरीज लाए गए। 18 मृत लाए गए। अभी 8 वेंटिलेटर पर हैं। पांच की हालत स्टेबल थी जिन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग से कूदने पर लोगों की हड्डियां भी टूटी हैं। किसी का हाथ तो किसी का पैर टूट गया। कुछ की हालत गंभीर है।

होटल के पास फायर एनओसी नहीं था। होटल की छत पर पीजी चल रहा था। मरने वालों में ज्यादातर अफ्रीकी मूल के नागरिक हैं। फ्लरिश स्टे नाम का होटल था और नीचे रेस्टोरेंट लेमन ग्रीन नाम का रेस्टोरेंट था जिसमें आग लगने की आशंका है।

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में लगी भीषण आग में कम से कम 21 लोगों की मौत होने के कुछ ही घंटों बाद बुधवार (03 जून) को साकेत के मैक्स अस्पताल के प्रतीक्षालय में शोक संतप्त रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई, जो बेसब्री से अपने प्रियजनों की तलाश कर रहे थे। अस्पताल का वेटिंग रूम ऐसे लोगों से भरा था जो लिस्ट को देख रहे थे, बदहवास होकर फोन कर रहे थे और अधिकारियों से जानकारी मांग रहे थे।

इस बीच, अग्निकांड के पीड़ितों को इलाज और पहचान के लिए अस्पताल लाया जा रहा था। एक रिश्तेदार ने सिसकते हुए कहा, “फोटो से पहचान में नहीं आ रहा कोई, सब जले हुए हैं।” इन्हीं लोगों में शामिल नमित गोयल ने बताया कि उनके छह रिश्तेदार इस आग की चपेट में आ गए थे। इनमें से चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो की पहचान होना अभी बाकी है, जिससे परिवार दर्दनाक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘चार शव मैक्स साकेत के शवगृह में हैं और दो शव दूसरे अस्पताल में हैं। हम उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।” परिजनों के अनुसार, परिवार के ये छह सदस्य इलाज के लिए गुरुग्राम से आए थे और आग लगने के समय होटल में ठहरे हुए थे। अस्पताल में दूसरी तरफ विवेक नाम का व्यक्ति अपनी 25 वर्षीय दोस्त सुजीता की तलाश कर रहा था, जिसके बारे में आशंका है कि वह भी इस आग की चपेट में आ गई।

उसने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने पहचान के लिए उसे पीड़ितों की तस्वीरें दिखाईं, लेकिन वह उनमें सुजीता को नहीं ढूंढ सका। विवेक ने कहा, ”उसे पहचान नहीं पा रहा हूं, उसका फोन भी नहीं मिल रहा है।” यह आग भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में ‘फ्लरिश स्टे’ नामक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट होटल में लगी, जिससे अंदर फंसे लोगों में हड़कंप मच गयी।

परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने भयावह दृश्यों को याद करते हुए बताया कि कैसे इमारत घने धुएं से घिर गई थी और लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भाग रहे थे।

अस्पताल में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है और 40 से अधिक लोगों को बचाया गया है। उन्होंने बताया कि 20 से अधिक पीड़ितों को मैक्स साकेत लाया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।