
गुरुग्राम। तीनों नए कृषि कानूनों को लेकर हरियाणा में कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ पूरी तरह हमलावर है। हरियाणा में भी किसान नए कृषि कानूनों का जमकर विरोध कर रहे हैं और कांग्रेस किसानों के समर्थन में खड़ी है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसानों का आत्मसम्मान भूल रही है। इतने लंबे समय से चल रहे कृषि कानूनों के विरोध को लेकर भी सरकार कतई गंभीर नहीं है। इससे साफ है कि भाजपा गांव, गरीब और किसानों की हितैषी होने का झूठा दंभ भरती है।
असल में सरकार को किसानों की समस्या से सरकार को कोई लेना देना है ही नहीं। भाजपा के लिए किसान वोट बैंक मात्र हैं। अगर सरकार इस मुद्दे पर जरा भी गंभीर होती तो किसानों की पीड़ा को समझते हुए कोई ना कोई सकारत्मक पहल अवश्य करती। कृषि कानूनों को लेकर सरकार किसानों को महज बरगलाने का काम कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत कृषि कानूनों को लेकर सकारात्मक बयान देकर उम्मीद जगाई थी, लेकिन पीएम का बयान ना केवल उम्मीद के विपरीत बल्कि उनका एक जुमला ही साबित हुआ। जब देश में सबसे बड़े संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति ही देश की आधे से अधिक आबादी के लिए जुमलेबाजी करता है तो उसके मातहतों से क्या उम्मीद की जा सकती है।
ऐसा ही बयान आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दिया है, लेकिन इस दिशा में सरकार कोई कदम नहीं बढ़ा रही। इससे साबित होता है कि सरकार किसानों को लेकर कितनी गंभीर है। उन्होंने कहा कि सरकार भाजपा सरकार यह भी भूल रही है कि किसानों ने ही सबसे पहले देश को आत्मनिर्भर बनाया है। आज खाद्यान्न उत्पादन में देश पूरी तरह आत्मनिर्भर है।
एक समय था जब 30 करोड़ की आबादी के लिए भी बाहर से अनाज मंगवाने को मजबूर होना पड़ता था, लेकिन आज अन्नदाता की मेहनत और हौसले के बलबूते 135 करोड़ की आबादी के बावजूद देश इतना अन्न उगाया जा रहा है कि देश की जरुरत को पूरा करने के साथ बाहर भरपूर मात्रा में निर्यात भी किया जा रहा है।
किसान आंदोलन दबाने को हर हथकंडे अपना रही सरकार
राजन ने कहा कि यह आत्ममुग्ध सरकार किसानों के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा आत्मनिर्भरता की बात कर रही है। किसान आंदोलन का गला घोंटने के लिए भाजपा सरकार हर ओछे हथकंडे अपना रही है। भाजपा सरकार की किसान आंदोलन को बदनाम करने की कलई खुलने लग गई है। शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे किसानों को सरकार की ओर से डराया, धमकाया जा रहा है। उन्हें आंदोलनस्थल खाली करने के लिए धमकियां दी जा रही हैं।
भाजपा के इशारे पर किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, साजिश के तहत किसानों पर हमले करवाए जा रहे हैं। ऐसी हरकतों से किसानों के हौसलों को नहीं डिगाया जा सकता। सरकार का यह क्रूर प्रहार सिर्फ किसानों पर नहीं अपितु हर भारतवासी पर किया जा रहा एक घातक वार है। यह जन-आंदोलन न तो रुकेगा और न ही डिगेगा, पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा।
राजन ने कहा कि यह लड़ाई केवल अन्नदाता की नहीं, पूरे देश की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्य और न्याय की लड़ाई में किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। किसानों का संघर्ष अवश्य रंग लाएगा। किसान भाई एकजुटता बनाए रखें। अनुशासन व संयम से शांतिपूर्वक आंदोलन द्वारा अहंकारी सरकार को झुकने पर मजबूर होना पड़ेगा।