पांच दर्जन संगीन वारदात करने वाला कुख्यात माओवादी गुड्‌डू गिरफ्तार


पटना। पटना पुलिस ने पांच दर्जन से अधिक संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात माओवादी गुड्‌डू शर्मा उर्फ अजित उर्फ नवलेश शर्मा उर्फ मोदू को भगवानगंज थाने के बसौर गांव से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। इसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार के जहानाबाद जिले के कड़ौना पुलिस चौकी के मोकर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के बिहार रीजिनल कमिटी का सदस्य है।

पटना पुलिस के मुताबिक शर्मा के खिलाफ बिहार एवं झारखंड के विभिन्‍न थानों में नक्सली हत्या, लूट, डकैती, पुलिस पर हमला और रंगदारी के 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। एक के बाद एक वारदात कर इसने लोगों में खौफ पैदा कर दिया था।

पुलिस ने बताया कि वर्तमान में शर्मा विभिन्‍न थानों में करीब एक दर्जन कांडों में वांछित है। उन्होंने बताया कि इसके द्वारा वर्ष 2005 में जहानाबाद जेल ब्रेक कांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस को इसकी काफी दिनों से सरगर्मी से तलाश थी।