TOKYO OLYMPIC : भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास


भारतीय महिला हॉकी टीम ने आस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाकर नया इतिहास रच दिया है।


शिवांगी गुप्ता शिवांगी गुप्ता
खेल Updated On :

तोक्यो। गुरजीत कौर के गोल और रक्षापंक्ति के बेहतरीन प्रदर्शन से भारतीय महिला हॉकी टीम ने तोक्यों ओलंपिक में कमाल कर दिखाया है। सोमवार को यहां टीम ने आस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में जगह बनाकर नया इतिहास रच दिया है।

भारत की इस एतिहासिक जीत को लेकर राजनेता से लेकर अभिनेता इस खुशी में भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाईयां दे रहे हैं। जिस कड़ी में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्वीट कर अपनी खुशी जाहिर की है।

रिजिजू ने  ट्वीट किया कि, ‘साकार हो रहा है भारत का सपना! हमारी महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराया है! भारत की पुरुष और महिला टीमें #Tokyo2020 ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं! मेरे पास अपने उत्साह और खुशी को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं!’

इसी के साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी ट्वीट भारतीय महिला हॉकी टीम की सराहना की है।

भारतीय क्रिकेट टीम के धमाकेदार बल्लेबाज रहे सहवाग ने भी भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रदर्शन की ट्वीट कर सराहना की।

ओलंपिक में मिली इस जीत का जश्न हर भारतीय नागरिक मना रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स टीम की तारीफें करते नहीं थक रहे हैं।

खेल की बात करें तो गुरजीत ने 22वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर यह महत्वपूर्ण गोल किया। इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी पूरी ताकत गोल बचाने में लगा दी जिसमें वह सफल भी रही। गोलकीपर सविता ने बेहतरीन खेल दिखाया और बाकी रक्षकों ने उनका अच्छा साथ दिया।

भारतीय टीम मास्को ओलंपिक 1980 में चौथे स्थान पर रही थी लेकिन केवल छह टीमों ने हिस्सा लिया था और मैच राउंड रोबिन आधार पर खेले गये थे।

भारतीय हॉकी टीम अपने पूल में दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड को हराकर चौथे स्थान पर रही थी जबकि आस्ट्रेलिया अपने पूल में शीर्ष पर रहा था।भारतीय पुरुष टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है।