उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पिछले महीने हुए बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। पुलिस ने शनिवार को इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी संजय उर्फ संजीव को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। मारे गए इनामी बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
खबर के मुताबिक़ शनिवार (27 जून 2026) को इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस की टीम अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में घेराबंदी कर चैकिंग कर रही थी, इसी दौरान पुलिस का शातिर अपराधी संजय से आमना-सामना हो गया। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश पर फायरिंग की, जिसमें उसे गोली लग गई और वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हालत में उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। मारा गया बदमाश संजय उर्फ संजीव बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। 27 मई 2026 को पीजीआई इलाके में हुई चर्चित बिल्डर हत्या में उसकी अहम भूमिका थी। लखनऊ पुलिस कमिश्नर की ओर से उसकी गिरफ़्तारी के लिए 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
मृतक बदमाश संजय का अंबेडकर नगर, बस्ती और अयोध्या में कई हत्या और संगीन वारदातों में भी नाम सामने आया था। वह कुख्यात दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के साथ मिलकर अपराध करता था। उस पर हत्या, रंगदारी जैसे कई गंभीर आरोप थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
