नोएडा में महिला की चाकू मारकर हत्या

भाषा भाषा
क्राइम Updated On :

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के देवला गांव में एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अपर पुलिस उपायुक्त जोन (द्वितीय) अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार देर रात सूरजपुर थाना क्षेत्र के देवला गांव में एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान अभी नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि कोई व्यक्ति महिला को अपने साथ यहां लाया और फिर उसकी हत्या कर दी।

महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने का भी संदेह जताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सूरजपुर थाना क्षेत्र में एक अज्ञात पुरुष का शव भी मंगलवार रात बरामद हुआ है। इस बीच, पुलिस ने गश्त के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक आर. के. सिंह ने बताया कि बीती रात गश्त पर निकली थाना पुलिस ने अलग-अलग सेक्टर से पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया।



Related