
बदायूं। यूपी के बदायूं जिले में जंगल में लकड़ी बीनने गई एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म के बाद घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो नाबालिग समेत आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बदायूं के एसएसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि मामला जिले के फैजगंज थाना क्षेत्र का है और पीड़िता की तहरीर पर बृहस्पतिवार को FIR दर्ज कर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना का वीडियो वायरल हुआ है।
पुलिस को दी गई पीड़िता की तहरीर में बताया गया है कि लगभग पांच माह पहले वह जंगल में लकड़ियां बीनने गई थी। वहां पांच युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया जबकि छठा युवक घटना का वीडियो बनाता रहा। तहरीर के अनुसार युवकों ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने दुष्कर्म के बारे में अपने परिजन या पुलिस को जानकारी दी तो उसका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा और उसके पति और बच्चों को मार दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की धमकी से डरी पीड़ित महिला ने इस घटना को अपने घर पर भी नहीं बताया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो 28 जनवरी को महिला ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो नाबालिग हैं। पांच आरोपियों पर दुष्कर्म की धाराओं में एवं एक के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों में एक ने दुष्कर्म का वीडियो 300 रुपए लेकर गांव व आसपास के कस्बों में कई लोगों को बेचा भी था।