साहित्य अकादेमी का पुस्तकायन: 1 से 9 दिसंबर तक रहेगा पुस्तक मेला


साहित्य अकादेमी द्वारा अकादेमी परिसर में दूसरी बार आयोजित किए जा रहे इस पुस्तक मेले में साहित्य अकादेमी के अतिरिक्त देश के अन्य महत्त्वपूर्ण प्रकाशकों की पुस्तकें विशेष छूट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी।


नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
साहित्य Updated On :

नई दिल्ली। साहित्य अकादेमी विगत वर्ष की भाँति सफलतापूर्वक आयोजित पुस्तकायन पुस्तक मेले का द्वितीय संस्करण अपने परिसर में 01 से 09 दिसंबर 2023 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से सायं 8 बजे तक करने जा रही है। इस पुस्तक मेले का उद्घाटन दिनांक 1 दिसंबर 2023 को माननीय संस्कृति राज्य मंत्री, भारत सरकार अर्जुन राम मेघवाल करेंगे। वे साहित्य अकादेमी पुस्तकालय में बच्चों के लिए नवनिर्मित ‘चिल्ड्रन्स कॉर्नर’ का भी उद्घाटन करेंगे।

इस बार पुस्तक मेले में 40 से अधिक महत्त्वपूर्ण प्रकाशक शामिल हो रहे हैं। उक्त जानकारी देते हुए साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने बताया कि पुस्तक संस्कृति और पढ़ने की रुचि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘पुस्तकायन’ पुस्तक मेले में अनेक साहित्यिक कार्यक्रमों के साथ ही कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रतिदिन प्रस्तुत किए जाएंगे।

नौ दिनों तक चलने वाले इस पुस्तक मेले में विभिन्न भारतीय भाषाओं के लगभग 50 लेखक/कलाकार शामिल हो रहे हैं। मेले के दौरान आयोजित साहित्यिक कार्यक्रमों में मुशायरा, कवि सम्मिलन, युवा साहिती, बहुभाषी रचना-पाठ, पैनल चर्चा एवं अपने प्रिय लेखक से मिलिए जैसे अनेक कार्यक्रम रखे गए हैं।

मेले में बच्चों के लिए भी कार्टून कार्यशाला एवं उनके प्रिय बाल लेखकों से मिलने के कार्यक्रम रखे गए हैं। कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से की जा रही हैं। पुस्तक मेले के दौरान शामिल होने वाले कुछ मुख्य लेखक हैं – ममता कालिया, अनामिका, बलदेव सिंह, चंद्रभान ख़्याल, खालिद जावेद, प्रकाश मनु, बुद्धिनाथ मिश्र, ज्ञानप्रकाश विवेक, खालिद महमूद, महुआ माजी, माधव जोशी, इरशाद खान सिकंदर आदि।

साहित्य अकादेमी द्वारा अकादेमी परिसर में दूसरी बार आयोजित किए जा रहे इस पुस्तक मेले में साहित्य अकादेमी के अतिरिक्त देश के अन्य महत्त्वपूर्ण प्रकाशकों की पुस्तकें विशेष छूट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी।



Related