देश में अराजकता फैला रही है भाजपा, किसानों से बातचीत को भी नहीं तैयार सरकार: कांग्रेस


गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्षा, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि भाजपा शासन ने देश में अराजकता का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले 7 महीने से किसान सड़कों पर अपने हकों के लिए बैठे हैं लेकिन सरकार ने देश के अन्नदाता की ओर से बिल्कुल आंखें मूंद ली है। बार बार किसानों से बातचीत करने की बात कहने वाली सरकार अब किसानों को बातचीत के लिए भी आमंत्रित नहीं कर रही।

इससे साफ है कि किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा कितनी गंभीर है। राजन राव ने कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। एक तरफ भाजपा देश में किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है तो दूसरी तरफ डीजल और महंगाई बढ़ाकर किसानों की जेब ढीली करने पर तुली है। भाजपा की कथनी और करनी का फर्क जन्नत आप समझ चुकी है।

कोरोना काल में भी भाजपा का दोहरा चरित्र जनता ने देखा। वादों और दावों के मुताबिक कोरोना से बचाव का कोई भी बंदोबस्त सरकार नहीं कर पाई। अब जुलाई के मध्य और अगस्त तक तीसरी लहर की चेतावनी चिकित्सकों की ओर से दी जा रही है। सरकार बताए कि दूसरी लहर से सबक लेकर सरकार ने क्या बंदोबस्त अभी तक किए हैं। देश में कितने चिकित्सा संसाधन बढ़ाएं गए।

उन्होंने कहा कि गुड़गांव की ही बात करें तो गुरु ग्राम में सरकार की ओर से महज पांच ऑक्सीजन प्लांट लगाने का दिखावा किया गया है। यह पांचो प्लांट भी मारुति कंपनी ने अपनी ओर से लगाए हैं। देवीलाल स्टेडियम में बना हॉस्पिटल भी आर्मी संचालित कर रही है। मनोहर लाल की सरकार ने केवल घोषणाओं के अलावा कुछ भी नहीं किया। अगर तीसरी लहर प्रदेश में आई तो यह प्रदेश के लिए बहुत घातक सिद्ध हो सकती है, ऐसी चेतावनी चिकित्सक दे रहे हैं।

बावजूद इसके संसाधनों के नाम पर केवल कागजों का ढेर बढ़ाया जा रहा है। यहां ना कोई बाल चिकित्सालय है नाही प्रदेश में चिकित्सकों की विशेष भर्ती की गई नाही ऑक्सीजन वेंटिलेटर और आईसीयू बेड बढ़ाए गए। केवल ऑक्सीजन के नाम पर पूरे प्रदेश में हल्ला काट कर सरकार शांत हो गई। उन्होंने कहा कि सरकार तत्काल किसानों से बात कर उनकी समस्या का समाधान करे।

भाजपा सरकार देश को महामारी, महंगाई, बेरोजगारी, हिंसा की ओर धकेल रही है। घरों के साथ अस्पतालों से निकलती लाशों और श्मशान घाट में जलती चिताओं पर भी सरकार की संवेदना नहीं जाग रही। सत्ता मोह में बोराई भाजपा को देश की कतई फिक्र नहीं है, यह पिछले 6 सालों में साबित हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता उसकी करनी का फल देने लगी है। देश की जनता का मोह भाजपा से भंग हो गया है। भाजपा को देश की जनता के साथ लिए एक एक झूठे वादे का हिसाब देना होगा।



Related