
गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष, कुमारी सैलज के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने भाजपा – जजपा पर संयुक्त रूप से हरियाणा प्रदेश की ढाई करोड़ जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कोरोना जैसी आपदा में भी सरकार लोगों से विश्वासघात करने से नहीं चूक रही। चिकित्सकीय सुविधाओं और संसाधनों के नाम पर जनता को महज धोखा दिया जा रहा है।
राव ने कहा, इसका सबसे बड़ा उदाहरण गुरुग्राम व अन्य स्थानों पर बनाए गए कोविड सेंटर हैं। गुरुग्राम सहित अनेक स्थानों पर सरकार ने कोरोना के मरीजों ली के लिए विशेष अस्पताल बनाने का झूठा दावा किया। करीब 9 दिन पहले इनका उद्घाटन भी खुद मुख्यमंत्री ने किया लेकिन उद्घाटन के समय से ही इनमें व्यवस्थाओं का अभाव है। उद्घाटन करने से पहले ही मुख्यमंत्री यह बात जानते थे कि इन सेंटरों में सुविधाएं नहीं जुटाई गई है।
बावजूद इसके इन का उद्घाटन कर दिया गया। जनता के साथ विश्वासघात पर विश्वासघात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने चुनाव में दोनों ही पार्टियों को नकार दिया। बावजूद इसके दोनों ने “ठगबंधन” कर प्रदेश की जनता के साथ छल किया। सत्तासीन होने के बाद जन भावनाओं के विपरीत कार्य कर जनता के साथ धोखा किया। अब वह समय आ गया है जब जनता इन दोनों ही पार्टियों को सबक सिखाने को एकदम तैयार है।
कहा कि भाजपा और जजपा के खिलाफ जनाक्रोश चरम पर है। प्रदेश के ढाई करोड़ जनता के साथ साथ सबसे बड़ा विश्वासघात देश के अन्नदाता के साथ किया गया है। देश के अन्नदाता के साथ इतना बड़ा धोखा किसी ने नहीं किया। हर मोर्चे पर सरकार ने किसानों के सब्र का इम्तिहान लिया है। किसानों ने कहीं भी अपने सब्र को टूटने नहीं दिया। लेकिन सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़ने को कतई तैयार नहीं।
शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों पर लाठियां भांजी जा रही है। लोगों को करुणा से मरने के लिए छोड़ दिया गया। इतना सब होने के बावजूद भी भाजपा और जजपा के नेताओं में कतई संवेदना दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वैक्सीनेशन के नाम पर भी लोगों के साथ छलावा किया जा रहा है। कांग्रेस दवा खरीद और वैक्सीनेशन की अनुमति मांग रही है लेकिन सरकार कांग्रेस को वैक्सीनेशन की अनुमति नहीं दे रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कोविड-19 जैसी आपदा में कांग्रेस ने सच्चे अर्थों में धरातल पर उतर कर जनसेवा को महत्व दिया है जबकि भाजपा व जजपा के नेता लोकप्रियता के लिए महज दिखावा कर रहे हैं। प्रदेश की जनता सब देख और समझ रही है। राव ने कहा, आने वाले समय में प्रदेश की जनता भाजपा और जजपा को सबक सिखाएगी।