
गुड़गांव। किसान आंदोलन को लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। राज्य सभा में भी विपक्ष ने किसान मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार को घेरा और हंगामा किया। हरियाणा में भी कांग्रेस किसान आंदोलन के समर्थन में आ गई है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा कि आत्मनिर्भरता का राग आलापने वाली भाजपा सरकार किसानों का आत्मसम्मान भूल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा डराकर और धमकाकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दिल्ली की सीमाओं पर इस कड़ाके की ठंड में बैठे किसानों पर हमले करवा रही है। एक तरफ पीएम कहते है कि एक फ़ोन कॉल दूर हूं किसानों से और दूसरी तरफ बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए 56 इंच की कीले गड़वा दी।
आंदोलन का गला घोंटने के लिए भाजपा सरकार हर ओछे हथकंडे अपना रही है। भाजपा सरकार की किसान आंदोलन को बदनाम करने की कलई खुलने लग गई है। गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर जिन लोगों ने शर्मनाक करतूत की गई, वह भाजपा के अपने लोग हैं। सरकार द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे किसानों को डराया, धमकाया जा रहा है। उन्हें आंदोलनस्थल खाली करने के लिए धमकियां दी जा रही हैं।
भाजपा के इशारे पर किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। भाजपा द्वारा साजिश के तहत किसानों पर हमले करवाए जा रहे हैं। गाजीपुर बॉर्डर और अब सिंघु बॉर्डर पर जो बंदोबस्त किए गए, वह पूरे देश ने देखे। यह जन-आंदोलन न तो रुकेगा और न ही डिगेगा, पूरा देश किसानों के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा।
यह लड़ाई केवल अन्नदाता की नहीं, पूरे देश की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्य और न्याय की लड़ाई में किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। किसानों का संघर्ष अवश्य रंग लाएगा। किसान भाई एकजुटता बनाए रखें। अनुशासन व संयम से शांतिपूर्वक आंदोलन द्वारा अहंकारी सरकार को झुकने पर मजबूर होना पड़ेगा।