हरियाणा के कृषि मंत्री के बयान पर कांग्रेस हमलावर, बोली- भाजपा न जवान की न किसान की

naagrik news naagrik news
हरियाणा Updated On :

गुड़गांव। हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल के आंदोलनरत किसानों पर दिए गए बयान के बाद हरियाणा के किसानों में खासी नाराजगी है। उनके बयान के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो गई है और बयान की कड़ी निंदा की है। बयान में कृषि मंत्री द्वारा किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के बारे में कथित तौर पर टिप्पणी की गई थी। कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के निशाने पर केंद्र व राज्य सरकार के अलावा कृषि मंत्री जेपी दलाल भी रहे।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने कहा किसान आंदोलन ही नहीं देश के अनेक संवेदनशील मुद्दों पर भाजपा नेताओं ने मर्यादा की सारी सीमाएं तोड़ कर रख दी है। आए दिन भाजपा नेताओं की ओर से संवेदनहीनता से भरे बयान देखने और सुनने को मिल रहे हैं। पहले कृषि मंत्री, फिर प्रधानमंत्री और अब हरियाणा के कृषि मंत्री का आंदोलनरत किसानों की शहादत पर दिया गया बयान पूरी तरह भाजपा की असंवेदनशीलता को दर्शाते हैं।

प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने आंदोलनरत किसानों की शहादत का मजाक उड़ाया है। उन्होंने कहा हरियाणा में एक कहावत है कि “बड़ी बहू नै काढ़ी कार, सारी आई एक कमकार”। पूरी भाजपा में यही हो रहा है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व ही संवेदनशील मुद्दों पर गंभीर नहीं है।

देश की अर्थव्यवस्था की बात हो, जीडीपी की बात, रोजगार की बात हो या फिर चीन के साथ सीमा विवाद, पुलवामा में सैनिकों पर हमले की बात हो, हर मसले का भाजपा ने मखौल बना कर रख दिया है।

गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान तिरंगे का अपमान भी भाजपा की सोची समझी साजिश का ही परिणाम है। संसद में प्रधानमंत्री किसानों को भगवान कहते हैं, आंदोलन को पवित्र बताते हैं और लगे हाथ ही आंदोलनकारी किसानों को आंदोलन जीवी कहकर संबोधित करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान भाजपा को भारी पड़ेगा। अन्नदाता के साथ छलकर भाजपा अपने आपको बचा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा को ढाई महीने से भूखे प्यासे सड़कों पर बैठे किसानों से अधिक चिंता पश्चिम बंगाल के चुनाव की है।

आए दिन भाजपा का कोई ना कोई नेता बंगाल के किसानों के बारे में बयान देता है और पूरी भाजपा वहीं डेरा डाले है। भाजपा को या सोचना चाहिए की बंगाल का किसान देश के किसान से अलग नहीं है।

देश के किसानों के साथ इतना बड़ा धोखा करने के बाद किसान भाजपा की कथनी और करनी समझ चुका है। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ पूरा देश खड़ा है। बेहतर है कि भाजपा तीनों कानूनों को रद्द कर किसानों एमएसपी का कानून दे। ताकि किसानों के जीवन में सही मायने में खुशहाली लाई जा सके।