अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा ने दी सिर्फ महंगाई और बेरोज़गारी: राजन

naagrik news naagrik news
हरियाणा Updated On :

गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने आरोप लगाया कि राष्ट्रवाद और देशहित का झूठा लबादा ओढ़े भाजपा सत्ता के मद में इतनी चूर हो गई है कि इसे कुर्सी के सिवा कुछ भी नजर नहीं आ रहा। यही कारण है महामारी के बीच पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से जनता हलकान हो रही है तो दूसरी और भाजपा देश की जनता की उम्मीदों पर कुठाराघात कर सत्ता के सात साल के जश्न में डूबी है।

मई महीने में 15 वीं बार पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोतरी ने आम आदमी की जेब एकदम ढीली कर दी है। देश के 726 जिलों में से 122 जिलों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है। इन 15 दिनों में राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 3.54 रुपए और डीजल 4.16 रुपए प्रति लीटर महंगा हो चुका है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी पेट्रोल आज 100 रुपए के पार निकल गया है।

राजधानी दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल का भाव 93.68 रुपए है, लेकिन राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 104.94 रुपए के रिकॉर्ड भाव पर बिक रहा है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर में भी पेट्रोल 104.62 रुपए पर पहुंच गया है। यहां गौरतलब ये है कि श्रीगंगानगर में ही पेट्रोल सबसे पहले 100 रुपए के पार हुआ था। देश के दो बड़े राज्यों राजस्थान और मध्यप्रदेश की बात करें तो दोनों राज्यों के कई जिलों में पेट्रोल के भाव अब तक के सबसे ऊंचे भाव पर पहुंच गए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह सत्ता के नशे में डूबी है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण भाजपा द्वारा मनाया जा रहा सात साल पूरे होने का जश्न है। भाजपा सात साल सत्ता के जश्न में डूबी है। भाजपा देश की दुर्दशा को छोड़कर सत्ता में बने रहने का जश्न मना रही है। कोरोना से देश में चारों ओर हाहाकार मचा है। सरकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने में पूरी तरह नाकाम हो रही है। बावजूद इसके सत्ता का जश्न मनाया जा रहा है।

भाजपाई चारों ओर सेवा का ढिंढोरा पीट रहे हैं। क्या सत्ता के नशे में डूबना ही सेवा कहलाता है? आम जनता के दुख दर्द को भूलाकर भाजपा सरकार के साथ-साथ सारे भाजपाई सत्ता के मद में जनता की भावनाओं को चकनाचूर कर रहे हैं। महामारी के बीच बढ़ती महंगाई ने आम आदमी को हलकान कर दिया है। खाद्य वस्तुओं के साथ-साथ खाद्य तेल के दामों में बेहताशा वृद्धि में जनता का मजाक बनाकर रख दिया है।

सही मायने में भाजपा को सत्ता पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। महामारी, महंगाई के बीच भाजपा अगर सत्ता में रहने का जश्न मना रही है तो इससे शर्मनाक देश और भाजपा के लिए कुछ नहीं हो सकता। लोगो को अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता में आई भाजपा ने सिर्फ महंगाई और बेरोज़गारी ही दी है। इसलिए अब जनता भाजपा से 2014 के बाद वाले अच्छे दिनों की बजाय 2014 से अपने पहले वाले दिनों को ही मांग रही है जहां रोजगार था और महंगाई से भी राहत थी।