
गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष, कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि भाजपा देश में बदहाली का जश्न मना रही है। भाजपा सरकार ने सात सालों में सिवाय बदहाली के कुछ नहीं दिया। बावजूद इसके पूरे देश में भाजपाइयों की ओर से सेवा दिवस मनाया जा रहा है।
महामारी की विकट परिस्थितियों में भी भाजपा सेवा दिवस का आडंबर रच कर अपनी नाकामी छुपानी की कोशिश कर रही है। देश की जनता त्राहिमाम कर रही है। हर क्षेत्र में सिर्फ बदहाली ही बदहाली नजर आती है। देश का ना किसान, गरीब, मजदूर, युवा सब के सब भाजपा ली नीतियों से परेशान हैं। भाजपा देश के लोगों को स्वास्थ्य जैसी मूल जरूरत भी मुहैया नहीं करा पाई। कोरोना जैसी महामारी के दौर में बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं इसका उदाहरण है।
वेक्सिनेशन के नाम पर भी भाजपा देश की जनता को औपचारिकता में उलझा रही है। असल मुद्दों से देश की जनता का ध्यान भटका कर भाजपा जाति, धर्म की राजनीति कर रही है। सात वर्षों में भाजपा देश में ना ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर पाई, ना गरीब किसान, मजदूर को उनका हक दे पाई और ना ही युवाओं को रोजगार मुहैया हो पाए। प्रतिवर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का झांसा देने वाली सरकार ने चार करोड़ से अधिक लोगों को बेरोजगार कर सड़क पर ला दिया।
पेट्रोल डीजल के दाम रिकॉर्ड बढ़ोतरी को छू गए। महंगाई से लोग हलकान हैं। खाद्य तेलों के साथ खुदरा महंगाई आसमान छू रही है। क्या यही भाजपा के अच्छे दिन थे। त्राहिमाम करती जनता अपने पुराने दिनों में लौटना चाहती है। जहां उसे पेट्रोल 60 रुपए लीटर से कम मिले। गैस सिलेंडर 850 की बजाय 400 रुपए में मिले। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी दर पूरे देश में सबसे अधिक है। बेरोजगारी दर का आंकड़ा 37 को पार कर गया।
राव ने कहा, सैकड़ों युवा बेरोजगारी से तंग आकर आत्महत्या तक कर रहे हैं, लेकिन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा। इन सबके बावजूद सरकार जश्न मना रही है। पिछले छह महीने से देश का अन्नदाता तीन कृषि कानूनों के विरोध में सड़कों पर बैठा है। दिल्ली की सीमा पर अपने हक के लिए संघर्ष करते हुए 300 से अधिक किसान अपनी शहादत दे चुके हैं।
कांग्रेस नेता राजन ने कहा कि सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। देश की जनता पर अत्याचार की पराकाष्ठा भाजपा कर रही है। किसानों पर लाठीचार्ज कर बर्बरता की जा रही है। बावजूद इसके भाजपा जश्न मना रही है। उन्होंने कहा देश की जनता भाजपा की कथनी और करनी को समझ चुकी है। अब वह दिन दूर नहीं जब जनता भाजपा को उसकी करनी का फल देगी।