पेट्रोल-डीजल के साथ गैस के बढ़ते दामों से जनता हलकान: राजन राव

naagrik news naagrik news
हरियाणा Updated On :

गुड़गांव। पेट्रोल-डीजल के साथ गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। दिल्ली से सटे गुड़गांव में हरियाणा कांग्रेस नेता राजन राव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के साथ घरेलू गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने आम जनता की कमर तोड़कर रख दी है और देश के लोग हलकान हैं।

राजन ने कहा कि पेट्रो उत्पादों के बढ़ते दामों पर किसी तरह का सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। बढ़ते दामों के प्रति सरकार की उदासीनता साबित कर रही है कि भाजपा किस कदर आम जनता को लूट रही है। देश पर अनावश्यक महंगाई की मार पड़ रही है और सरकार दामों को थामने का कोई प्रयास नहीं कर रही है। तेल और गैस के दाम बढ़ने से आमजन की जेब पर हर महीने अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कोरोना के लोगों के सामने रोजगार का संकट है, लोगों के रोजगार धंधे चौपट हो गए हैं। लोगों की कमाई के साधन घट गए हैं उपर से सरकार तेल और गैस के दाम नियंत्रित करने में नाकाम हो रही है। डीजल के दाम बढ़ने से माल वाहक वाहनों का भाड़ा बढ़ गया है। जिसका असर रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं पर भी पड़ रहा है। सब्जियों से लेकर उपभोग की अन्य वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं।

केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि किसानों की आय दुगनी करने का ढोंग करने वाली सरकार तेल के दाम बढ़ाकर किसानों की आय दुगनी कर रही है। किसानों पर तीन काले कृषि कानून थोप दिए गए हैं। रही सही कसर घरेलू गैस के दामों ने पूरी कर दी है। तीन महीने से हर दूसरे दिन पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि घरेलू गैस के दामों में बढ़ोतरी की बात करें तो दिसंबर से लेकर अब तक चार बार में करीब 200 रुपए तक बढ़ गए।