
गुड़गांव। देश में लगातार बढ़ रहे डीजल-पेट्रोल की कीमतों को लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस का आरोप है कि पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश को लेकर सरकार बिल्कुल उदासीन है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष कुमारी सैलजा के राजनैतिक सचिव व दक्षिण हरियाणा के प्रभारी राजन राव ने पैट्रोल डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी को केंद्र की मोदी सरकार की विफलता बताया है।
राव ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री ने गुजरात के सीएम रहते यह तेल मूल्य वृद्धि को सरकार की विफलता बताया था। पीएम मोदी ने उस समय कहा था कि अगर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते हैं तो यह सरकार की नाकामी है। अब सरकार के साथ साथ पूरी भाजपा देश को गुमराह करने वाली सफाई दे रही है। उन्होंने कहा कि फरवरी माह के 23 दिनों में 15 वीं बार पैट्रोल और डीजल के दाम बढ़े है। पिछले 54 दिनों में 25 बार तेल के दाम बढ़ने को क्या सरकार की सफलता कहेंगे? क्या यही अच्छे दिन हैं?
इन्हीं दिनों के लिए देश की जनता को झूठे सब्जबाग दिखाए गए थे? ऐसे ही कितने सवाल देश की जनता पीएम और भाजपा से पूछ रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का कोई भी काम देश हित में नहीं बल्कि पूंजीपतियों के हित में हो रहे हैं। पूरे देश में पेट्रोल, डीजल पर की बढ़ी कीमतों से हाहाकार मचा है। भाजपा नेता देश को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन ये देश भाजपा की कथनी करनी को पहचान चुका है।
देश में भाजपा के प्रति आक्रोश पनप रहा है। भले ही यह भाजपा को नजर नहीं आ रहा, लेकिन जनता अपना आक्रोश प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने पर्यावरण एक्टिविस्ट दिशा रवि को जमानत मिलने पर कहा कि यह एक तरह से सच्चाई की जीत है। सरकार ने दिशा को देशद्रोही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन कानून ने साबित कर दिया कि सरकार किसी की बोलने कि आजादी छीन नहीं सकती। पिछले छह साल के शासन में मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
राव ने कहा कि देश में केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आंदोलनों का दौर थम नहीं रहा है। ऊपर से सरकार पैट्रोल डीजल के बढ़ते दामों को रोकने के कोई प्रयास नहीं कर रही। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डीजल 81 रुपये प्रति लीटर के पार हो गया, जबकि पेट्रोल 90.93 रुपए पहुंच गया है। मुम्बई की बात करें तो यहां पैट्रोल 97.34 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 88.44 रुपए प्रति लीटर हो गया है। यहां एक दो दिन में यह आंकड़ा सौ पार कर जाएगा।
राजन ने कहा कि वहीं अंतराष्ट्रीय बाज़ार में ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम 66.21 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि 1 जनवरी को ब्रेंट क्रूड के दाम करीब 51 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर था। यानी पिछले 51 दिनों में क्रूड ऑयल के दाम 20 फीसदी से अधिक बढ़े हैं। वहीं पिछले 54 दिनों में पेट्रोल डीज़ल के दाम 25 बार बढ़े हैं। एक जनवरी के बाद से पेट्रोल 7 रुपए प्रति लीटर से अधिक महंगा हो चुका है।